पहियों पर जुनून तो सड़कों पर दिखी

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव की सड़कों पर रविवार को एनबीटी की ऑल वुमन बाइक रैली का आयोजन हुआ। इस रैली में महिलाओं ने अपने जुनून और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। सजी-धजी बाइक्स और हेलमेट पहने महिलाओं के काफिले ने शहर की रफ्तार में नया रंग घोला। रैली के बाद महिलाओं ने संगीत पर डांस कर खूब मस्ती की।

passion on wheels nbt all women bike rally showcases the spirit of woman power

संडे को NBT ऑल वुमन बाइक रैली में दिखा नारी शक्ति का जोश

NBT न्यूज, गुड़गांव

मिलेनियम सिटी में 22 मार्च को संडे की सुबह आत्मविश्वास और बदलते दौर की बयार बही। वह सुबह कुछ अलग ही थी। यह एक सामान्य दिन की शुरुआत नहीं, बल्कि शहर की सड़कों पर लिखी जा रही एक जीवंत कहानी थी, जहां हर मोड़ पर उत्साह और दौड़ती बाइक के हर पहिए में जुनून नजर आया।

सेक्टर-29 स्थित लैजर वैली पार्क में आयोजित NBT की ऑल वुमन बाइक रैली ने शहर को एक नई ऊर्जा से भर दिया। रैली में शामिल हर शख्स इस नए दौर की कहानी का हिस्सा बन गया। सुबह की हल्की धूप और ठंडी हवा के बीच जैसे ही बाइकर्स का काफिला आगे बढ़ा, शहर की रफ्तार में एक नया रंग घुल गया। सजी-धजी बाइक्स, हेलमेट पहने हुए और आत्मविश्वास से भरीं महिलाओं की मौजूदगी ने इस रैली को खास बना दिया। यह सिर्फ एक आयोजन नहीं था, बल्कि एक ऐसा अनुभव था जिसे शहर ने महसूस किया।

शक्ति और प्रेरणा का संगम है नारी : विशाल

प्लेबैक सिंगर विशाल श्रीवास्तव ने कहा कि जब सड़कों पर लोग कोई मकसद लेकर निकलते हैं, तो वह सफर अपने आप में एक संदेश बन जाता है। यह वुमन बाइक रैली उसी सोच का प्रतीक है, जहां हर पहिया समाज को जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक महिला अलग-अलग रूपों में शक्ति का प्रतीक बनती है। कभी बेटी, कभी पत्नी तो कभी मां बनकर अपनी जिम्मेदारी निभाती है। आज के दौर की महिलाएं शक्ति और प्रेरणा का संगम हैं, बदलते समय में वह न केवल घर संभाल रहीं बल्कि हर फील्ड में अपनी मेहनत के बल पर नई पहचान बना रही हैं। उनमें अपने सपनों को साकार कर उड़ान भरने की क्षमता है।

संग-बिरंगी ड्रेस के साथ दिखा अलग अंदाज़

रैली में महिलाएं केवल बाइक राइडिंग के लिए नहीं बल्कि अपनी ड्रेस को लेकर भी चर्चा में रहीं। कोई पारंपरिक साड़ी में नजर आईं, तो कोई सूट और इंडो-वेस्टर्न ड्रेस में। हर महिला अपने अलग अंदाज में आत्मविश्वास और खुशी बिखेरती दिखी। रंग-बिरंगे परिधानों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। यह नजारा इस बात का प्रतीक था कि भले ही पहनावे अलग हों, लेकिन खुशी और भागीदारी की भावना सबको एक साथ जोड़ देती है।

रैली के बाद डांस से किया खुद को रिफ्रेश

रैली के समापन के बाद एकजुट हुईं महिलाओं ने जमकर मस्ती की। सिंगर विशाल श्रीवास्तव के गानों पर महिलाओं ने जमकर डांस किया। अलग-अलग ड्रेस में सजीं महिलाएं एक ही ताल पर थिरकती नजर आईं, जिसने कार्यक्रम को एकता और उत्साह का अनोखा रंग दे दिया। ऐसा लगा मानो सभी महिलाओं को सिंगर के गीत ने एक कर दिया हो।

कोट

यह मेरी पहली बाइक रैली है। इस रैली का हिस्सा बनकर बहुत खुशी हुई। NBT की इस पहल से कई महिलाओं को अपने डर से निकलने में मदद मिलेगी।

- प्रिया वर्मा

--

मैंने अभी तक अपने घर के आसपास के हिस्सों में ही बाइक राइडिंग की थी। यह मेरी पहली बाइक रैली रही। मैं नर्वस होने के साथ ही बेहद उत्साहित भी रही।

- भावना वर्मा

--

एक साल से बाइक चला रही हूं। ऐसी रैली में पहली बार शामिल हुई हूं। NBT ने इस तरह के आयोजन के जरिए हम महिलाओं को डर को पीछे छोड़ना सिखाया है।

- इति पंत

--

जब दिल्ली में बाइक रैली हुई थी, तब उसमें शामिल होना चाहती थी लेकिन उसी दिन मैराथन होने से मौका चूक गई। गुड़गांव में रैलीमें शामिल होकर बहुत खुश हूं।

-रितु गोयल

--

बाइक राइडिंग मेरा पैशन है। करीब 12 साल से राइड कर रही हूं। मुझे चीयर करने के लिए आज मेरा बेटा और पति भी साथ आए हैं। इस दौरान खूब मस्ती भी की।

- दीपा

--

गुड़गांव में पहली बार ऐसा आयोजन हुआ है। इस दौरान महिलाओं का उत्साह देखने लायक रहा। इतनी निडर महिलाओं के साथ राइड करना गर्व की बात है।

- मनीषा

--

ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए, जिससे और महिलाएं भी आगे आ सकें। मैं महिलाओं को स्कूटी चलाने की ट्रेनिंग देती हूं। डर से लड़ने के साथ ही आत्मविश्वास भी देती हूं।

- संतोष कुमारी