n NBT न्यूज, रेवाड़ी: बावल की एक कंपनी के तीन कर्मचारियों ने दूसरी कंपनी के मालिक के साथ मिलीभगत कर कंपनी का लगभग 11 लाख रुपये का प्लास्टिक दाना कबाड़ी को बेच दिया। कसौला थाना पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
कंपनी के मैनेजर अकुंर ने कसौला थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 13 मार्च को उनकी कंपनी में 3500 किलो प्लास्टिक दाना आया था। इस प्लास्टिक दाने को कम्पोनेंट बनाने के लिए दूसरी कंपनी में भेजने के लिए चालक प्रवीण को रवाना किया था। उसके साथ कंपनी का कर्मचारी देवेंद्र भी था। 18 मार्च को उन्हें पता चला कि प्लास्टिक दाने की अभी तक डिलिवरी नहीं हुई है। जब कड़ाई से देवेंद्र से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि एक अन्य कर्मचारी उपकार के कहने पर उसने सारा प्लास्टिक दाना 11 लाख रुपये में अन्य कंपनी के मालिक पंकज के साथ मिलीभगत कर पुनीत कबाड़ी को बेच दिया। कसौला थाना पुलिस ने चालक प्रवीण, उपकार, देवेंद्र, कबाड़ी पुनीत व दूसरी कंपनी के मालिक पंकज के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

