n NBT रिपोर्ट, सोहना : ईद मनाने जाने की बात कहकर निकले एक प्रवासी मजदूर को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा सोहना-गुड़गांव हाइवे पर जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी के पास हुआ। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यूपी के कुशीनगर निवासी इंद्रजीत ने पुलिस को बताया कि वह सोहना की एलआईडी सोसायटी में लेबर का काम करते हैं। कुछ दिन पहले बिहार निवासी अंसारी उनके पास काम मांगने आया था, जिसे उसने काम पर रख लिया था। शनिवार सुबह अंसारी अपनी मजदूरी लेकर यह कहकर निकला था कि वह ईद मनाने घर जा रहा है। रविवार को सूचना मिली कि जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी के पास एक सड़क दुर्घटना हुई है। मौके पर पहुंची भोंडसी और सोहना पुलिस को पता लगा कि कार ने अंसारी को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद कार चालक रंजीत कुमार निवासी नूंह ने ही घायल को सोहना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी क्योंकि उसके पास से कोई डॉक्युमेंट नहीं मिला था। सोमवार को जब इंद्रजीत मोर्चरी पहुंचे, तो उन्होंने शव की पहचान अंसारी के रूप में की। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

