NBT न्यूज, अयोध्या : सरयू नदी के तट पर चल रहे लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के विशाल पंडाल में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा पंडाल धू-धू कर जलने लगा। हालांकि राहत की बात यह रही कि यज्ञ की पूर्णाहुति हो चुकी थी और हजारों श्रद्धालु पहले ही पंडाल से बाहर निकल चुके थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अयोध्या के राजघाट क्षेत्र में बक्सर के संत जीयर स्वामी के सानिध्य में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के समापन के तुरंत बाद यह हादसा हुआ। मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण पंडाल को बचाया नहीं जा सका।

