अखिलेश यादव की रैली से पहले पोस्टर वार पर हंगामा

नवभारतटाइम्स.कॉम

दादरी में अखिलेश यादव की रैली से पहले पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सपा नेताओं का आरोप है कि नगर पालिका ने उनके होर्डिंग हटवाए हैं। सपा प्रवक्ता ने चेतावनी दी है कि अगर उनके होर्डिंग नहीं लगने दिए गए तो वे भाजपा के होर्डिंग हटा देंगे।

poster war before akhilesh yadavs rally scuffle between sp municipality videos going viral

n NBT न्यूज, दादरी : जीटी रोड स्थित मिहिर भोज पीजी कॉलेज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रस्तावित रैली से पहले शहर में सियासी पारा चढ़ गया है। रैली के प्रचार के लिए रेलवे रोड और जीटी रोड पर लगाए गए होर्डिंग्स को हटाए जाने को लेकर सपा नेताओं और नगर पालिका प्रशासन के बीच विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर सपा के प्रदेश प्रवक्ता और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के जवाबी विडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

सपा नेताओं का आरोप है कि नगर पालिका के कर्मचारियों ने जानबूझकर बिजली के खंभों से उनकी पार्टी के होर्डिंग उतरवाए हैं। वायरल विडियो में सपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कठोर शब्दों का प्रयोग करते हुए चेतावनी दी कि यदि विपक्षी पार्टी की होर्डिंग नहीं लगने दी जाएगी, तो सपा कार्यकर्ता भी भाजपा की होर्डिंग हटाने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने पालिका अध्यक्ष के परिवार के एक सदस्य पर फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया। दूसरी ओर नगर पालिका अध्यक्ष ने विडियो संदेश के जरिए इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पालिका के किसी भी कर्मचारी ने होर्डिंग नहीं हटाई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई इस बात का सबूत देता है, तो संबंधित कर्मचारी पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें समाज के सभी वर्गों का सहयोग प्राप्त है और रैली को लेकर कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है।