n NBT रिपोर्ट, नोएडा
शहर के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-123 में प्रस्तावित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। इस परियोजना के तकनीकी पहलुओं और डिजाइन को लेकर आईआईटी (IIT) ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्राधिकरण को सौंप दी है। रिपोर्ट आने के बाद अब टेंडर डॉक्युमेंट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, 15 अप्रैल तक इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का टेंडर जारी किए जाने की तैयारी है। परियोजना के पहले चरण में करीब 70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण के एसएम राजकमल ने बताया कि आईआईटी की रिपोर्ट मिलने के बाद अब काम में तेजी आएगी। सेक्टर-123 में बनने वाला यह परिसर क्रिकेट, फुटबॉल मैदान, बैडमिंटन और टेनिस कोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, दर्शकों के बैठने की गैलरी और पर्याप्त पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी। इस क्षेत्र में वर्तमान में कोई बड़ा स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है, ऐसे में इस कॉम्प्लेक्स के बनने से आसपास के दर्जनों सेक्टरों के खिलाड़ियों को अपने हुनर को निखारने का बेहतरीन मंच मिलेगा। प्राधिकरण का लक्ष्य जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का है।

