n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-II ने नामी कंपनी के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रशांत दिल्ली के जनकपुरी का रहने वाला है, उसे तमिलनाडु के कोयंबटूर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने फर्जी वेंडर फर्म के जरिए बिना किसी सामान की सप्लाई किए कागजों पर खरीद-फरोख्त दिखाई और कंपनी से रकम वसूली।
एक जुलाई 2025 को सेक्टर-17/18 थाने में शिकायत दर्ज हुई थी। स्मार्टपैडल टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड (बिजोंगो) के प्रतिनिधि ने बताया कि सिटी मेगा मार्ट के डायरेक्टर्स ने 2022 में सप्लाई एग्रीमेंट के तहत खरीद आदेश जारी किए और अलग-अलग वेंडर्स के जरिए सामान सप्लाई दिखा कंपनी से करोड़ों रुपये ट्रांसफर करवा लिए। आरोपियों ने तय समय में रकम लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में पैसे लौटाने से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सिटी मेगा मार्ट कंपनी का डायरेक्टर है और करीब 20% शेयरहोल्डर है। आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता कम्पनी से व्यापार के नाम पर लोन लिया तथा 90 दिन के अंदर ब्याज सहित वापस करने का आश्वासन दिया। परंतु आरोपियों ने जिन फर्मों के माध्यम से खरीद आदेश जारी कर रुपये ट्रांसफर करवाए गए, वे फर्में आरोपी व उसके साथियों की ही थीं। इस दौरान केवल इनवॉइस जारी की गई थी, लेकिन किसी भी प्रकार का सामान न ही सप्लाई किया गया और न ही खरीदा गया था। आरोपियों ने शिकायतकर्ता कम्पनी से मिली राशि को अपनी ही कम्पनी में ट्रांसफर करवाकर आपस में बांट लिया। इस धोखाधड़ी से आई रकम में आरोपी के हिस्से करीब 70 लाख रुपये आए थे। आरोपी को पुलिस टीम ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अन्य शामिल आरोपियों की पहचान व जांच जारी है।

