n NBT न्यूज, फरीदाबाद
बिजली निगम ने 136 बिजली बकायेदारों की जमीन नीलाम करने के लिए राजस्व विभाग को पत्र भेजा है। इसके बाद राजस्व विभाग की ओर से ऐसे उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बकायेदारों की जमीन नीलामी की कार्रवाई से उद्योगों में काम कर रहे कर्मचारियों पर गहरा असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
निगम अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई एक लाख रुपये और उससे अधिक बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ की जा रही है, जिसमें कुल 136 उपभोक्ता शामिल हैं। जिन बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित है, उनमें घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कई औद्योगिक इकाइयां भी शामिल हैं। बिजली बिल का लंबे समय से भुगतान न होने के कारण निगम ने सख्त रुख अपनाया है और बकाया वसूली के लिए नीलामी की कार्रवाई तेज कर दी है। यदि औद्योगिक इकाइयों की जमीन नीलाम होती हैं या वे आर्थिक दबाव के कारण बंद होती हैं तो वहां कार्यरत कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है।
बता दें कि शहर में करीब 7 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से 47, 224 उपभोक्ताओं पर बिजली निगम का बकाया है और इनके कनेक्शन काटे जा चुके हैं। बकाया बिल की वसूली करने में निगम जुटा हुआ है। इसके अलावा 316 ऐसे बकायेदार हैं, जिन्होंने एक लाख रुपये से अधिक का बिल जमा नहीं कराया है। इन उपभोक्ताओं पर 10 करोड़ 80 लाख रुपये का बिल बकाया है। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन पहले ही काटे जा चुके हैं। इसके बावजूद उन्होंने बकाया राशि जमा नहीं कराई है।
ऐसे में इनके खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है, जिसमें इनकी जमीन नीलाम की जाएगी। इस कार्रवाई में एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद, ग्रेटर फरीदाबाद और बल्लभगढ़ एरिया के कुल 136 उपभोक्ता शामिल है।

