n NBT न्यूज, फरीदाबाद : जिला कोच के सेंटरों पर खेल नर्सरी चलाने के लिए खिलाड़ियों के ट्रायल की खेल विभाग ने तैयारी कर ली है। 30 मार्च से खिलाड़ियों के ट्रायल शुरू हो जाएंगे, जो खिलाड़ी ट्रायल में सफल होंगे, उन्हें नर्सरी में एडमिशन मिलेगा और उन्होंने स्कालरशिप भी दी जाएगी। हाॅकी खेल नर्सरी के लड़के व लड़कियों के ट्रायल 30 मार्च की शाम पांच बजे सेक्टर-12 खेल परिसर हाॅकी एस्ट्रोट्रफ पर होंगे। जबकि इसी दिन शाम चार बजे वालीबाॅल खेल नर्सरी के ट्रायल वालीबाॅल मैदान पर होंगे। इसी दिन तलवारबाजी के ट्रायल सेक्टर-31 इंडोर स्टेडियम में सुबह सात बजे होंगे। जूडो के ट्रायल 30 मार्च की शाम चार बजे सेक्टर-12 खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम में शाम चार बजे होंगे, जबकि फुटबाॅल खेल नर्सरी के ट्रायल 30 मार्च की शाम तीन बजे राजा नाहर सिंह स्टेडियम में होंगे तथा लड़कों के ट्रायल खेल परिसर में होंगे। इनके अलावा टेबल टेनिस खेल नर्सरी के लड़के व लड़कियों के ट्रायल 30 मार्च की शाम चार बजे बजे सेक्टर-31 इंडोर स्टेडियम में लिए जाएंगे। जिम्नैस्टिक्स खेल नर्सरी के लड़के व लड़कियों के ट्रायल 30 मार्च की सुबह नौ बजे खेल परिसर सेक्टर-12 इंडोर स्टेडियम में लिए जाएंगे।

