n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट : इरोज सम्पूर्णम सोसायटी में बिल्डर और एओए के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद अब खत्म होने की ओर है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाते हुए बिल्डर को 1 जुलाई तक सोसायटी का रखरखाव अपार्टमेंट ओनर असोसिएशन (एओए) को सौंपने का औपचारिक नोटिस जारी किया है।
एओए पदाधिकारियों के अनुसार निवासी हर महीने मोटा मेंटिनेंस चार्ज देने के बावजूद बिजली और पानी जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे थे। सुविधाओं में सुधार के बजाय प्रबंधन ने शुल्क बढ़ाने का प्रयास किया, जिसका पुरजोर विरोध हुआ। प्राधिकरण के आदेशानुसार अब एओए सोसायटी का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराएगा। जिसकी रिपोर्ट 15 अप्रैल तक जमा करनी होगी। ऑडिट में पाई जाने वाली कमियों और अधूरे कार्यों को बिल्डर को ही पूरा करना होगा। प्राधिकरण के इस फैसले से निवासियों में उम्मीद है कि अब रखरखाव की व्यवस्था पारदर्शी होगी।

