लोन चुकाने के बाद भी नहीं लौटाए डॉक्युमेंट्स, केस

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के सेक्टर-14 स्थित आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारियों पर लोन चुकाने के बाद भी दस्तावेज रोके रखने का आरोप है। जॉइंट पुलिस कमिश्नर के रीडर एसआई सुनील कुमार की शिकायत पर बैंक कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। बैंक ने 50 दिन से अधिक का समय लगा दिया।

icici bank did not return documents even after loan repayment police registered a case

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

शहर के सेक्टर-14 के ICICI बैंक के अधिकारियों की ओर से लोन चुकाने के बावजूद डॉक्युमेंट अवैध रूप से रखने और परेशान करने का मामला आया है। जॉइंट पुलिस कमिश्नर के रीडर एसआई सुनील कुमार की शिकायत पर सेक्टर-14 थाना पुलिस ने बैंक कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। एसआई सुनील कुमार ने बताया कि उनकाे जॉइंट पुलिस कमिश्नर की ओर से नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि जॉइंट पुलिस कमिश्नर के लोन से संबंधित सभी जरुरी डॉक्युमेंट और औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी थीं। लोन क्लोजर की प्रक्रिया पूरी होने और अथॉरिटी लेटर दिए जाने के बावजूद बैंक अधिकारी उन्हें बार-बार चक्कर कटवा रहे थे। आरोप है कि बैंक कर्मी प्रियंका व अन्य स्टाफ न तो कोई संतोषजनक जवाब दे रहे थे और न ही उनके मूल डॉक्युमेंट लौटा रहे थे। बैंक की इस टालमटोल नीति के कारण दूसरे बैंक की प्रक्रियाओं में भी बाधा आ रही थी। बताया जा रहा है कि जिस प्रक्रिया को 10 दिनों में पूरा हो जाना चाहिए था, उसमें बैंक ने 50 दिन से ज्यादा का समय लगा दिया। इस बीच सेक्टर-14 थाना प्रबंधक से भी संपर्क किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जबाव नहीं मिला। जिसके बाद मामला डीसीपी वेस्ट के संज्ञान में लाया गया, जिनके निर्देश पर अब कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि बैंक के रेकॉर्ड और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ कर जल्द ही आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।