n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा
जेवर स्थित नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट के उद ्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध संकट के बीच भी भारत अपने तेज विकास की राह पर अडिग है। पिछले कुछ सप्ताह में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है। इससे पहले यमुना सिटी में सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास, दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन की रफ्तार, मेरठ मेट्रो का विस्तार और अब नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन हो गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट से हर दो मिनट में एक विमान उड़ेगा। यह एयरपोर्ट प्रगति को नई उड़ान देगा। वर्ष 2014 से पहले देश में मात्र 74 एयरपोर्ट थे, जबकि आज यह संख्या 160 से अधिक हो गई है। उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट्स की संख्या बढ़ाकर 17 कर दी गई है। उड़ान योजना के तहत आने वाले वर्षों में छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 हेलीपैड बनाने की योजना है। इस क्षेत्र को देश के दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर्स का हब भी बनाया जा रहा है, जहां दादरी में दोनों कॉरिडोर्स मिलते हैं। मोदी ने कहा कि पहले नोएडा को अंधविश्वास के कारण उपेक्षित रखा गया था। सपा शासनकाल में यहां आने का कार्यक्रम बना तो मुख्यमंत्री तक नहीं पहुंचे। उन्होंने किसान भाइयों-बहनों का विशेष आभार जताया, जिन्होंने इस प्रॉजेक्ट के लिए अपनी जमीन दी।प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि भारत का एविएशन सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है। पहले 85 प्रतिशत विमानों की सर्विसिंग (MRO) विदेश में होती थी, अब देश को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। विकसित भारत के निर्माण में सबका सहयोग जरूरी है।

