nNBT न्यूज, आरडीसी
गाजियाबाद नगर निगम की ओर से आवासीय एवं व्यापारिक संपत्तियों पर हाउस टैक्स में करीब 300 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी के विरोध में व्यापारियों ने शनिवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि नगर निगम बोर्ड की ओर से बढ़ोतरी निरस्त किए जाने के बावजूद अधिकारी बढ़ी हुई दरों पर ही बिल भेज रहे हैं, जो जनता का सीधा शोषण है। महानगर उद्योग व्यापार मंडल, गाजियाबाद के बैनर तले आयोजित यह धरना घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह चौक के सामने प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक होगा। व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम की मेयर द्वारा कई बार हाउस टैक्स कम किए जाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन इसे अब तक लागू नहीं किया गया। इसके चलते व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी नाराजगी है। धरना महानगर अध्यक्ष गोपीचंद प्रधान के नेतृत्व में किया जा रहा है।

