n NBT न्यूज, दादरी : जारचा क्षेत्र के सलारपुर कला गांव में गुरुवार को एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की चेतावनी देने लगा। युवक का आरोप है कि पुलिस उसे लगातार परेशान कर रही है। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उसे देर शाम तक सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे रहे।
गांव निवासी ब्रजमोहन ने बताया कि उसका छोटा भाई शिवम पुलिस कार्रवाई से परेशान है। परिवार का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले गांव के बाहर कुछ लोगों ने मारपीट और लूट की घटना की थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके उलट पुलिस शिवम को बार-बार थाने बुलाकर परेशान कर रही है। परिजनों का कहना है कि शिवम पहले पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। वह उस मामले में पुलिस की मिलीभगत होने का आरोप लगा रहा है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कहने लगा। करीब आठ घंटे तक युवक टावर पर चढ़ा रहा। एहतियात के तौर पर नीचे जाल लगाया गया और पुलिस लगातार उसे समझाने का प्रयास करती रही। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि शिवम को उसके दोस्तों की मदद से करीब 9 बजे टावर से उतार लिया गया। युवक पहले भी जेल जा चुका है।





