n NBT न्यूज, गाजियाबाद : शहर में बिजनेस प्लान के तहत करीब 70 प्रतिशत काम पूरे हो चुके हैं, उसके बाद भी कुछ इलाकों में समस्या का समाधान नहीं हुआ। क्रिश्चियन नगर बागू में आंबेडकर पार्क के पास करीब 25 मीटर की केबल में 15 कट हैं। हर तीसरे-चौथे दिन फॉल्ट के कारण चिंगारी उठने से आग लगती है। पास में प्राइमरी स्कूल भी है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इलाके में करीब 1500 से अधिक उपभोक्ता हैं। यहां सप्लाई की दिक्कत तो है ही, तारों की स्थिति भी ठीक नहीं है। स्थानीय निवासी अरुण ने बताया कि केबल लटकी हुई है। कई जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बारिश में करंट फैलने का खतरा बना रहता है। रात के समय स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में केबल दिखाई नहीं देती। इसके अलावा क्षेत्र में पोल के ऊपर तार उलझे हुए हैं और नीचे की ओर झूल रहे हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में ले लिया गया है।







