n NBT न्यूज, गाजियाबाद : जिला एमएमजी अस्पताल में बीते तीन दिन से एक्स-रे का प्रिंटर खराब है। एक्स-रे की पिक्चर नहीं मिलने से मरीजों को फोटो से काम चलाना पड़ रहा है। फोन नहीं होने और एमसी रिपोर्ट में पिक्चर अनिवार्य होने के कारण मरीजों को बाहर का सहारा लेना पड़ रहा है। अस्पताल में प्रतिदिन 250 से अधिक मरीजों की एक्स-रे जांच की जाती है। जांच होने के बाद रिपोर्ट प्रिंट न होने के कारण मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। अस्पताल में मुफ्त सुविधा होने के बाद भी मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। मजबूरन बाहर से एक्स-रे कराने में 300 से 400 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। रेडियोलॉजी विभाग की प्रबंधन टीम का कहना है कि प्रिंटर में तकनीकी खराबी आने के कारण समस्या हुई है। वहीं अस्पताल के सीएमएस राकेश कुमार ने बताया कि तकनीकी टीम को सूचना दे दी गई है। मशीन जल्द ठीक कराई जाएगी।


