n NBT न्यूज, मुरादनगर : जेठ के दशहरे पर भीषण गर्मी के चलते दिल्ली-एनसीआर से हज़ारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंग नहर घाट पर श्रद्धा की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने के बाद भी स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने कोई व्यवस्था नहीं कर रखी थी। सनातन धर्म में जेठ के दशहरे का विशेष महत्त्व माना जाता है। इस दिन गंगा स्नान करना भी काफी पुण्य का कार्य माना जाता है। गंग नहर घाट स्थित प्राचीन शनि मंदिर के महंत मुकेश गोस्वामी ने बताया की गंगा नहर पर स्नान करने से मनुष्य को पापों से मुक्ति मिलती है। पितरों की पूजा अर्चना की जाती है। सुबह से देर रात तक लगभग 50 हज़ार श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया।


