n NBT न्यूज, हापुड़
पश्चिमी उप्र. का मिनी हरिद्वार कहे जाने वाले गढ़मुक्तेश्वर में गंगा दशहरा मेले पर दिल्ली, एनसीआर व अन्य राज्यों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। सोमवार को तीर्थ नगरी बृजघाट में ब्रह्म मुहूर्त में गंगा दशहरा के मुख्य स्नान पर्व पर श्रद्धालु पहुंचे। आधी रात होते ही दशहरा के मुख्य स्नान पर्व के लिए श्रद्धालु गंगा किनारे एकत्र हो गए। वहां शुभ मुहूर्त लगते ही हर-हर गंगे के जयकारों के बीच मोक्षदायिनी में आस्था की डुबकी लगाने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था, जो सोमवार दोपहर तक निरंतर चलता रहा।
गंगा में डुबकी लगाने के बाद अधिकांश श्रद्धालुओं ने किनारे बैठे पंडितों से भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी और मंदिरों में जाकर अपने कुल देवताओं की पूजा की। नव-विवाहित जोड़ों ने गंगा के रेत में मेड़ बनाकर संतान की प्राप्ति की कामना कर गरीब-निराश्रितों को भोजन-वस्त्र का दान भी किया। संतान प्राप्ति की मनोकामना पूरी होने वालों ने गंगा में दूध की धार चढ़ाई। श्रद्धालुओं ने तीर्थ नगरी के अमृत परिसर,राधा कृष्ण, हनुमान मंदिर,नक्का कुआं सहित विभिन्न मंदिरों के दर्शन कर सुख शांति की कामना की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन ने मेले में सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के कारण पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था बनाने में काफी मदद मिली। इसके अलावा सुबह से लेकर शाम तक गंगा नगरी सहित कच्चे घाट और पूठ में ड्रोन कैमरे से नजर रखी गई।


