n NBT न्यूज, गाजियाबाद : गंगा दशहरा और अगले दिन अधिक मास की एकादशी के अवसर पर सोमवार को रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से लोगों ने आना शुरू कर दिया। हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और अनूपशहर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से प्लेटफॉर्म और टिकट काउंटरों पर सुबह से ही भीड़ लगी रही। श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में स्टेशन पहुंचे। भीड़ अधिक होने के कारण कई ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टिकट खिड़कियों पर लंबी लाइनें लगी रहीं, जबकि कई यात्रियों ने मोबाइल और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों से टिकट लिया। भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को तैनात किया गया।


