n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शनिवार को चेक बाउंस मामलों के निपटारे के लिए विशेष राज्य लोक अदालत लगाई। जिला व सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सूरा का मार्गदर्शन रहा। लोक अदालत में लंबित चेक बाउंस मामलों की सुनवाई की गई। 2 हजार 573 मामले रखे गए, इनमें से 2 हजार 497 मामलों को आपसी सहमति से निपटाया गया। समझौते के आधार पर 40 करोड़ 31 लाख 9 हजार रुपये से ज्यादा की रकम पर समझौता हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव व मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा ने विशेष राज्य लोक अदालत की सफलता पर सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, पक्षकारों एवं संबंधित हितधारकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालतें न्यायालयों में लंबित मामलों के बोझ को कम करने के साथ-साथ आपसी सहमति से विवादों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


