n NBT न्यूज होडल
होडल के मुंडकटी थाना क्षेत्र में जिला पुलिस की एटीवीटी हथीन टीम और अंतरराज्यीय गिरोह के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश और एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बदमाशों की पहचान अकरम, कृष्ण, आलोक परिहार, माधव गुप्ता सहित विपुल द्विवेदी निवासी इटावा यूपी के रूप में हुई हैं। डीएसपी हेडक्वॉर्टर साहिल ढिल्लों ने प्रेस वार्ता में बताया कि एटीवीटी टीम प्रभारी दीपक गुलिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इटावा से चार-पांच बदमाश कार में सवार होकर पलवल क्षेत्र में लूट और हत्या की वारदात को अंजाम देने आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम केएमपी मार्ग पर पहुंची और संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश वाहन लेकर होडल की ओर भाग निकले।
पुलिस ने मुंडकटी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल देवेंद्र के पैर में गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में टीम प्रभारी दीपक गुलिया व एएसआई वीरेंद्र ने बदमाशों की कार के टायर पर गोली चलाई। पीछा करने के दौरान बदमाशों ने फिर फायरिंग की, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में माधव गुप्ता घायल हो गया, जबकि विपुल द्विवेदी फरार हो गया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और खाली खोल बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला और फायरिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बदमाशों का अपराधिक रेकॉर्ड
पुलिस के रेकॉर्ड के अनुसार आरोपी माधव गुप्ता निवासी होमगंज थाना कोतवाली, जिला इटावा यूपी पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, अपहरण, जानलेवा हमला,गैंगस्टर एक्ट आदि संगीन अपराधों के 25 केस दर्ज हैं, जबकि आरोपी आलोक निवासी बनकटी बुजुर्ग थाना जसवंत नगर इटावा पर यूपी विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, एक्सटॉर्शन, धोखाधड़ी, लूट जैसी धाराओं में चार केस दर्ज हैं। डीएसपी ने कहा कि अकरम निवासी गाडीपुरा विष्णु बाग थाना कोटवाली इटावा पर यूपी में गंभीर मामलों के दो केस दर्ज हैं।


