जातिसूचक टिप्पणी का विरोध करने पर दो महिलाओं पर चाकू से हमला

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में डबुआ कॉलोनी में जातिसूचक टिप्पणी पर आपत्ति जताने पर दो महिलाओं पर चाकू से हमला हुआ। हमले में एक महिला के सीने में गंभीर चोट आई। पुलिस ने मां-बेटी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

faridabad knife attack on two women for opposing casteist remark one critical

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

डबुआ कॉलोनी में जातिसूचक टिप्पणी का विरोध करने पर एक महिला और उसकी ननद पर कथित रूप से चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें से एक के सीने में चाकू लगने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मां-बेटी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में कविता पत्नी पंकज कुमार ने बताया कि वह डबुआ कॉलोनी स्थित अपने घर में रहती है। 28 मई की रात करीब नौ बजे उसके घर के सामने रहने वाले दो किरायेदारों के बीच झगड़ा और गाली-गलौज हो रही थी। आरोप है कि झगड़े के दौरान एक महिला किरायेदार बोबी ने दूसरे पक्ष को जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया।

कविता का कहना है कि जातिसूचक टिप्पणी उसे आपत्तिजनक लगी। जब उसने इसका विरोध किया तो बोबी और उसकी बेटी पलक उससे उलझ गईं। शिकायत के अनुसार दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उसे भी जातिसूचक शब्द कहे। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बोबी ने कविता की ननद रितु को बाल पकड़कर खींच लिया, जबकि उसकी बेटी पलक ने अचानक चाकू से रितु के सीने पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची कविता पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे उसके हाथ में चोट आई।

शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद दोनों मां-बेटी ने उसे जमीन पर गिराकर मारपीट की और चेहरे पर घूंसे भी मारे। घटना के बाद घायल महिलाएं किसी तरह थाना डबुआ पहुंचीं। पुलिस ने उनकी हालत को देखते हुए तत्काल उन्हें बीके अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज शुरू किया गया।डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया । पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।