n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला संजय कॉलोनी क्षेत्र का है, जहां एक परिवार के घर से बाहर जाते ही चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना का पता तब चला जब परिवार देर रात घर वापस लौटा और मकान का ताला टूटा हुआ पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी अंजू देवी ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर अपने परिवार के साथ खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए घर से निकली थीं। शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब घर लौटी तो देखा कि मेन गेट का लॉक टूटा हुआ है, जब वे घर के अंदर पहुंचीं तो देखा कि कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर के तीन से चार कमरों की अच्छी तरह तलाशी ली। बेड के अंदर रखा सामान भी बाहर निकालकर फैला दिया था।
छह माह पहले हुई थी बेटे की शादी: पीड़िता के मुताबिक करीब छह महीने पहले ही उन्होंने बेटे की शादी की थी। बहू का सारा गहना भी आलमारी के लाकर में रखा था। घर में रखी करीब एक से डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी चोर अपने साथ ले गए। पीड़िता के मुताबिक चोरों ने करीब 13 से 14 लाख रुपये कीमत के गहने और नकदी चोरी कर ले गए हैं। पीड़ित परिवार ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। संजय कॉलोनी चौकी इंचार्ज ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत ले ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


