12 घंटे की बिजली कटौती, डीजी के सहारे सोसायटी

नवभारतटाइम्स.कॉम

ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित आरपीएस पाम सोसायटी में बिजली की भारी कटौती हो रही है। लोग दिन-रात मिलाकर मात्र 12 घंटे ही बिजली पा रहे हैं। भीषण गर्मी में बार-बार बिजली जाने से निवासी डीजी सेट के सहारे रातें गुजारने को मजबूर हैं। पुरानी लाइन में फॉल्ट की समस्या बनी हुई है।

faridabad rps palm society residents rely on dg for 12 hours of electricity

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित आरपीएस पाम सोसायटी में रोजाना दिन और रात में बिजली के लंबे कट लग रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। रेजिडेंट्स का कहना है कि दिन-रात मिलाकर मात्र 12 घंटे ही बिजली की आपूर्ति यहां हो रही है। लंबे कट के कारण वे डीजी सेट के सहारे रात बिताने को मजबूर हैं। पुरानी लाइन में लगातार फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। बिजली निगम के अधिकारियों से इस लाइन फीडर को सेक्टर-89 सबस्टेशन से जोड़ने की मांग कर रहे हैं।

लोगों का कहना है कि सोसायटी में भूपानी सबस्टेशन से बिजली कनेक्शन दिया हुआ है। फीडर लाइन लंबी और पुरानी है, जिससे लाइन में बार-बार फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। दिन के साथ रात में भी लंबे समय तक बिजली गुल रहने से बुजुर्गों, बच्चों और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां करीब 28.30 रुपये प्रति यूनिट डीजी चार्ज दे रहे हैं। सोसायटी में करीब 456 फ्लैट्स है। लोगों को 2016-17 में पजेशन मिला था।पूर्व RWA प्रेजिडेंट्स निवासी इंदिरा कोठारी ने बताया कि बिल्डर ने सोसायटी को अगस्त 2024 को आरडब्ल्यूए को हैंडओवर कर दिया था, लेकिन अभी केवल मेंटिनेंस कैम चार्ज को ही हैंडओवर किया है। अभी पूरा प्रॉजेक्ट बिल्डर के ही पास है। ऐसे में सोसायटी में फीडर से बिजली पहुंचाने और लाइन में दिक्कत को दूर करने का काम बिल्डर का है। निवासियों का आरोप है कि बिजली निगम के अधिकारी तार, लेबर खर्च, अंडरग्राउंड लाइन को निकालने के लिए मशीन का खर्च निवासियों से मांग रहे हैं। निवासियों का कहना है कि हाल ही में बिजली निगम एसई जितेंद्र ढुल से मुलाकात कर समाधान की मांग की थी, लेकिन अभी तक समाधान के नाम पर केवल आश्वासन मिल रहा है।