nNBT न्यूज, फरीदाबाद
जिले में शनिवार देर शाम आई आंधी-बारिश से मौसम में अचानक 6 डिग्री पारा गिर गया। फरीदाबाद में पिछले दिनों लोगों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ा। गर्म हवाओं व चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल किया हुआ था। दोपहर के समय लोग सड़कों पर निकलने से परहेज कर रहे थे, लेकिन अब दो - तीन दिन से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। हवाएं अब गर्म की जगह थोड़ी ठंडी हो गई हैं और तापमान में भी गिरावट हो रही है। शनिवार को भी पिछले दो दिनों की तरह सुबह से मौसम साफ रहा। दिन में धूप निकली रही और हल्की हवाएं चलती रही। हवाओं में पहले की तुलना में ठंडक थी। शाम करीब पांच बजे मौसम में अचानक बदलाव आया। हवाएं तेज हो गई और सामान में घने बादल छाने शुरू हो गए। इसके बाद देर शाम तक बादल छाए रहे। गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। अब करीब छह डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार शनिवार को फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी मौसम में बदलाव बना रह सकता है।


