n NBT न्यूज, गुड़गांव
सेक्टर-72 के 220 केवी सब-स्टेशन में हाल ही में आई तकनीकी खराबी के बाद शहर के कई इलाकों की बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। ऐसे में कई सोसायटियों और सेक्टरों के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी थी। रैपिड मेट्रो के यात्रियों को ट्रैक से होते हुए पैदल स्टेशन तक आना पड़ा था। ऐसे में हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (HVPN) की ओर से शहर की बिजली व्यवस्ता बेहतर करने की तैयारी की गई है। निगम अब सेक्टर-75ए में नया 220 केवी का बिजली घर बनाने जा रहा है। यह बिजली घर करीब 72 करोड़ रुपये से बनेगा, इससे आसपास के 6 सेक्टरों, रिहायशी इलाकों और सोसायटियों को बिजली सप्लाई की जाएगी। सेक्टर-75ए में करीब साढ़े तीन एकड़ एरिया पर यह बिजली घर बनाया जाएगा। इसके लिए टेंडर आवंटित किया जा चुका है और अगले हफ्ते से निर्माण शुरू होने की संभावना है। 18 महीने में काम पूरा करने का टारगेट रखा गया है। कुछ दिन पहले जब सेक्टर-72 स्थित सब-स्टेशन में तकनीकी खराबी के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी।
नेटवर्क को मिलेगी मजबूती : HVPN अधिकारियों के अनुसार नया बिजली घर सेक्टर-72 और गांव दौलताबाद स्थित 400 केवी बिजली घर से जुड़ा होगा। भविष्य में किसी एक सब-स्टेशन में तकनीकी खराबी आने पर वैकल्पिक नेटवर्क के माध्यम से बिजली आपूर्ति को कम समय में बहाल किया जा सकेगा। शहर में तेजी से बढ़ती आबादी और नई हाउसिंग सोसायटियों के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ताकि राहत मिल सके।


