n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
साइबर क्राइम थाना मानेसर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और लॉटरी फ्रॉड और साइबर धोखाधड़ी में संलिप्त एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से 31 मोबाइल, 9 लैपटॉप, 9 एटीएम कार्ड, 43 सिम कार्ड, 3 चेक बुक, पासबुक और 3 स्वाइप मशीन बरामद की हैं। यह कार्रवाई एसीपी गौरव फौगाट के नेतृत्व में थाना साइबर मानेसर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार की टीम ने शुक्रवार को की।
पुलिस ने दिल्ली के असालतपुर, जनकपुरी क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अर्जुन निवासी उत्तम नगर, हर्ष निवासी बूडपुर बीजापुर, तनुज निवासी शास्त्री नगर, शोएब निवासी जेजे कॉलोनी, समरजीत निवासी विष्णु गार्डन और निशांत निवासी उत्तम नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान सभी आरोपी फ्लैट के अंदर लैपटॉप और मोबाइल फोन के जरिये ऑनलाइन गेमिंग पैनल संचालित करते हुए पाए गए। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एक अन्य व्यक्ति के निर्देश पर ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के माध्यम से सट्टा चलाते थे। गिरोह सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन देकर लोगों को गेम खेलने के लिए आकर्षित करता था। इच्छुक ग्राहक वेबसाइट पर आईडी बनाकर क्यूआर कोड के जरिये पैसे जमा करते थे। इसके बाद आरोपियों द्वारा उनकी गेमिंग आईडी में पॉइंट व कॉइन जोड़ दिए जाते थे। इस काम के बदले आरोपियों को सैलरी और कमीशन मिलता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों को बैंक खातों की किट, सिम कार्ड और क्यूआर कोड वॉट्सएप के जरिये एक अन्य मास्टरमाइंड की ओर से उपलब्ध कराए जाते थे, जिसके माध्यम से वे धोखाधड़ी के लेन-देन को अंजाम देते थे। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से निशांत और शोएब को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेनदेन के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।


