Diwali 2023 Tight Arrangements For Security Health And Electricity In Noida Know The Special Arrangements
दिवाली के जश्न को शहर तैयार
Contributed by: shyam.vir|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n टीम NBT, नोएडा
रोशनी का त्योहार दिवाली अपनों के साथ हंसी-खुशी मनाने का मौका है। इस दिन आपकी खुशियां दोगुनी हों और त्योहार के रंग में कोई कमी न आए, इसके लिए गौतमबुद्ध नगर में स्वास्थ्य, फायर, पुलिस और बिजली विभाग ने मिलकर खास इंतजाम किए हैं। बाजारों में खरीदारी के दौरान जाम में न फंसें इसके लिए ट्रैफिक पुलिस मौजूद रहेगी। दमकल की टीमें जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद करेंगी और अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता रहेगी। इतना ही नहीं, घर बैठे ऑनलाइन सामान मंगवाने के लिए गिग वर्कर भी त्योहार के दिन डिलिवरी के लिए तैयार रहेंगे।ड्रोन से होगी निगरानी
दिवाली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूरे कमिश्नरेट को 10 जोन और 26 सेक्टरों में बांटा गया है। पुलिसकर्मी बाजारों, प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद रहेंगे, ताकि लोग परिवार के साथ आराम से खरीदारी कर सकें। ड्रोन से निगरानी के साथ गश्त भी होगी। नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी लोगों की मदद के लिए मौजूद रहेंगे। पीआरवी और क्विक रिस्पॉन्स टीम भी जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाएंगी।
283 पॉइंट पर ट्रैफिक संभालेंगे पुलिसकर्मी
बाजारों में जाम से बचाने और लोगों की आवाजाही आसान बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 283 पॉइंट चिह्नित किए हैं। इनमें 101 जगह विशेष ड्यूटी रहेगी, जबकि 37 संवेदनशील पॉइंट पर सिविल पुलिस भी ट्रैफिक व्यवस्था संभालेगी। डीसीपी ट्रैफिक सैयद अब्बास अली के मुताबिक, अट्टा मार्केट, सेक्टर-18 मार्केट, परी चौक, दादरी और कासना समेत प्रमुख बाजारों के लिए ट्रैफिक अडवाइजरी और डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। लोगों से अपील है कि खरीदारी के लिए निकलते समय निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करें। मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन से सफर करने पर बाजारों तक पहुंचना और आसान हो सकता है।
आतिशबाजी के साथ सुरक्षा का भी इंतजाम:
दिवाली पर रोशनी और आतिशबाजी का आनंद सुरक्षित तरीके से लिया जा सके, इसके लिए अग्निशमन विभाग ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रामीण क्षेत्रों में 19 प्रमुख स्थानों पर फायर टेंडर, फायर बाइक और अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की है। आतिशबाजी बिक्री स्थलों पर भी फायर टेंडर यूनिट मौजूद रहेंगी। सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि भंगेल पुलिस चौकी, चौकी 12-22, सेक्टर-18, सेक्टर-49, जगत फार्म, गौड़ सिटी पुलिस चौकी, बहलोलपुर, रबूपुरा, दनकौर, जेवर और दादरी में फायर टेंडर तैनात किए गए हैं। अट्टा मार्केट, सेक्टर-62 स्थित टॉट मॉल और सर्फाबाद मार्केट में फायर बाइक रहेंगी। नवादा मार्केट, सेक्टर-66, नॉलेज पार्क, एच्छर मार्केट और हल्दौनी मोड़ पर भी अग्निशमन उपकरणों के साथ कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
खुले में जलाएं पटाखे:
विभाग की सलाह है कि पटाखे खुले स्थान पर जलाएं और बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने दें। बालकनी, खिड़की, कार, बिजली के तारों और ज्वलनशील सामान से दूरी रखकर त्योहार का आनंद लें।
रात 10 बजे तक ही मिलेगी एक्वा मेट्रो
NBT रिपोर्ट, नोएडा : दिवाली के अवसर पर रविवार को एक्वा लाइन पर मेट्रो सेवा सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक संचालित होगी। सेक्टर-51 और डिपो स्टेशन से आखिरी ट्रेन रात 10 बजे रवाना होगी। आम दिनों में एक्वा लाइन की आखिरी ट्रेन रात 11:25 बजे चलती है। एनएमआरसी के अनुसार, दिवाली के दिन दोनों टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो सेवा सुबह आठ बजे शुरू होगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना आखिरी ट्रेन के समय को ध्यान में रखकर बनाएं। इसी तरह, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने भी दिवाली पर सभी लाइनों की आखिरी ट्रेन के समय में बदलाव किया है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन समेत डीएमआरसी की सभी लाइनों पर आखिरी ट्रेन रात 10 बजे तक चलेगी, जबकि सामान्य दिनों में आखिरी ट्रेन रात 11 बजे के आसपास रवाना होती है।
शाम छह से रात 12 बजे तक रहेगी बिजली
हर घर रोशनी से जगमगाते रहे, इसके लिए बिजली विभाग ने भी खास तैयारी की है। रविवार शाम छह बजे से रात 12 बजे तक बिजली कटौती नहीं की जाएगी। सप्लाई में कोई बाधा आने पर जेडी और एसडीओ के नेतृत्व में टीमें तत्काल मौके पर पहुंचेंगी। ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर और जरूरी उपकरण तैयार रखे गए हैं। दोनों सर्कल में विशेष टीमें बनाई गई हैं, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या का जल्द समाधान हो सके।
जिला अस्पताल में रिजर्व किए बेड
दिवाली की खुशियों के बीच किसी को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो तो तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए जिला अस्पताल में 15 बेड आरक्षित किए गए हैं। आईसीयू-3 में आठ बेड का विशेष बर्न वॉर्ड भी तैयार है। जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है और वरिष्ठ डॉक्टर 24 घंटे ऑन कॉल उपलब्ध रहेंगे। सर्जरी विभाग के डॉ. राजेंद्र कुमार को 24 घंटे परामर्श के लिए नोडल बनाया गया है। जिला अस्पताल में पांच और सभी सीएचसी में दो-दो बेड आरक्षित हैं। 102 और 108 ऐम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी। सरकारी और निजी अस्पतालों को 24 घंटे इमरजेंसी सेवा चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में 50 बेड रिजर्व रखे गए हैं। संस्थान के डायरेक्टर ब्रिगेडियर डॉ. राकेश कुमार गुप्ता के मुताबिक, इमरजेंसी और मुख्य वॉर्ड में डॉक्टरों की टीमें तैयार रहेंगी। सुबह और शाम की शिफ्ट में 10 से 12 डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। शारदा केयर हेल्थ सिटी, बिसरख सीएचसी, दादरी सीएचसी और यथार्थ अस्पताल में भी बेड आरक्षित किए गए हैं। बाल मरीजों के इलाज के लिए 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम गठित कर इमरजेंसी यूनिट को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।