सस्ती दवाओं से आसान हो इलाज

नवभारतटाइम्स.कॉम•
30 trade margin cap on cancer drugs treatment becomes cheaper patients to get major relief
चिकित्सा विज्ञान में हुई प्रगति ने कैंसर सहित अनेक गंभीर बीमारियों के उपचार की संभावनाओं को पहले से कहीं अधिक व्यापक बना दिया है। नई दवाओं, लक्षित उपचार और इम्युनोथेरेपी जैसी बहुत प्रभावशाली आधुनिक पद्धतियों ने कई प्रकार के कैंसर के उपचार में नई उम्मीद जगाई है। कैंसर का प्रभाव केवल मरीज के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, यह उसके परिवार के भावनात्मक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को भी प्रभावित करता है। यह भी सच है कि उपचार की लंबी प्रक्रिया, अस्पतालों के लगातार चक्कर और दवाओं की ऊंची कीमत जैसी कई चुनौतियों के कारण मरीज और उसके परिजन बिना लड़ाई लड़े ही उम्मीद खोने लगते हैं।

मरीजों को मिलेगी सीधी राहत
कैंसर की दवाओं की ऊंची कीमतों के पीछे कई कारण हैं। नई दवाओं, खासकर बायोलॉजिकल दवाओं के अनुसंधान, विकास और उत्पादन पर होने वाला भारी खर्च इनकी लागत बढ़ाता है। वहीं, आपूर्ति शृंखला में अत्यधिक व्यापारिक मार्जिन जैसी अनुचित प्रथाएं भी दवाओं को महंगा बनाती हैं।

इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने जनहित में 137 चिह्नित गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं पर अधिकतम व्यापारिक मार्जिन 30% तय किया है। इसमें घरेलू और वैश्विक बाजार में उपलब्ध दवाएं शामिल हैं। इससे 1,000 से अधिक कैंसर दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) में 20 से 70% की कमी आएगी। हालांकि, अलग-अलग दवाओं और ब्रैंड के अनुसार कीमतों में कटौती का स्तर अलग हो सकता है। उम्मीद है कि इससे कैंसर का उपचार किफायती होगा।

जटिलता ने किया महंगा

कैंसर की कुछ आधुनिक दवाएं, विशेषकर बायोलॉजिकल दवाएं और इम्युनोथेरेपी, पारंपरिक रासायनिक दवाओं की तुलना में अधिक महंगी हैं। इसका कारण इनके विकास और निर्माण की जटिल प्रक्रिया है। सामान्य रासायनिक दवाएं नियंत्रित रासायनिक प्रक्रियाओं से तैयार की जाती हैं। वहीं, जैविक दवाएं जीवित कोशिकाओं और जैविक प्रणालियों की सहायता से विकसित होती हैं। इनके निर्माण के लिए अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, विशेष उत्पादन सुविधाओं, जटिल तकनीक और गुणवत्ता के कड़े मानकों की जरूरत होती है। कैंसर की दवाओं की कीमतों को कम करने के प्रयास में यह समझना भी जरूरी है कि नई चिकित्सा तकनीकों को प्रोत्साहन मिले, और उनका लाभ मरीज तक भी पहुंचे।

महंगी दवाओं को मरीजों तक सुलभ बनाने के लिए अधिक से अधिक अस्पतालों को टाटा मेमोरियल अस्पताल के कैंसर ग्रिड का हिस्सा बनना होगा। वहां बातचीत के जरिए कीमतों में छूट देकर नई चिकित्सा पद्धतियों को मरीजों के लिए किफायती बनाया जा रहा है। CGHS जैसी सरकारी खरीद प्रणाली से इन नई दवाओं को थोक में लेकर मरीजों तक पहुंचाया जा सकता है।

सरकार रखेगी कड़ी नजर

यह सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि दवाओं की कीमतों में की गई कमी का वास्तविक लाभ मरीजों को मिले। यह कमी अस्पतालों के बिलों में भी दिखनी चाहिए। सरकारी और निजी, दोनों तरह के अस्पतालों में सुनिश्चित करना होगा कि मरीजों से संशोधित कीमतों के अनुसार ही भुगतान लिया जाए। संशोधित कीमतें 9 नवंबर से प्रभावी हैं। मरीज एनपीपीए की वेबसाइट और 'फार्मा सही दाम' मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से कीमतों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

दवाओं की नई कीमतें अस्पतालों और फार्मेसी में प्रमुखता से प्रदर्शित होनी चाहिए। सरकार इस व्यवस्था के प्रभावी कार्यान्वयन की निगरानी राज्य औषधि नियंत्रक के माध्यम से करेगी। इसके साथ ही, 'फार्मा सही दाम' ऐप पर प्राप्त होने वाली शिकायतों और फीडबैक के जरिए भी नजर रखी जाएगी, ताकि मूल्य में की गई कटौती का पूरा लाभ मरीजों तक पहुंचे।

रोगी और उसके परिवार, दोनों के लिए कैंसर एक लंबी लड़ाई है। डॉक्टरों और अस्पतालों के लिए कैंसर से जंग जीतने वाला हर मरीज उनकी सफलता की एक और कड़ी है। सभी प्रकार की कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन कैप लगाने से इलाज किफायती और सुलभ हो जाएगा। किसी भी स्वास्थ्य नीति की सार्थकता इसी में है कि चिकित्सा विज्ञान की प्रगति और नवाचार जारी रहे और इसका लाभ हर जरूरतमंद मरीज तक पहुंचे। आर्थिक कठिनाइयां उसके उपचार के रास्ते में बाधा न बनें।

(केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री)