Coaching Center Director Murdered Students Friend Kills Due To Suspicion Police Arrest
कोचिंग संचालक की हत्या में छात्रा का दोस्त गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, आगरा
जगदीशपुरा क्षेत्र में कोचिंग सेंटर के अंदर गणित के शिक्षक ओम प्रकाश यादव की हत्या उनकी पूर्व छात्रा के दोस्त प्रकाश नगर निवासी निखिल ने की थी। पुलिस के मुताबिक, छात्रा व शिक्षक के बीच संबंध के शक में उसने हत्या की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।वीएस प्लाजा स्थित कोचिंग सेंटर में छह नवंबर को शिक्षक का शव मिला था। उन्हें आखिरी बार दो नवंबर को देखा गया था। अपर पुलिस उपायुक्त नीरज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपित को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल छुरा, शिक्षक की स्कूटी और हेलमेट के साथ खून से सनी शर्ट बरामद की गई।
पूछताछ में निखिल ने बताया कि उसकी महिला मित्र पहले शिक्षक से पढ़ती थी। उसे शिक्षक और अपनी महिला मित्र के बीच संबंध का शक था। पुलिस के अनुसार, दो नवंबर की शाम छात्र चले गए तो निखिल कोचिंग में घुसा। शिक्षक से विवाद के बाद उसने छुरे से उनकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद बोर्ड पर अंग्रेजी में 'कोचिंग संचालक रेपिस्ट' लिखा और स्कूटी, हेलमेट व मोबाइल लेकर भाग गया।