Ignoring Evidence Is A Mockery Of Justice System Allahabad High Court
'न्याय व्यवस्था से मजाक जैसा है सबूतों की अनदेखी करना'
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, प्रयागराज
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने हत्या और मारपीट के 43 साल पुराने मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्यों की अनदेखी पर फतेहपुर की निचली अदालत को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा कि साक्ष्यों का सही तरीके से मूल्यांकन न करना आपराधिक न्याय व्यवस्था का मजाक बनाने जैसा है। जस्टिस संतोष राय की सिंगल बेंच ने इस टिप्पणी के साथ तीन दोषियों की अपील खारिज कर दी और उन्हें 10 दिन में संबंधित कोर्ट में सरेंडर करने का निर्देश दिया।साल 1983 में फतेहपुर के ललौली में नींव खोदने के विवाद में बाबूलाल, घसीटवा उर्फ घसीटा, रामदास और रामलाल ने चंकू, भदौवा और टिटुली पर लाठी-डंडों व अन्य कठोर चीजों से हमला किया था। गंभीर चोटों के कारण भदौवा की मौत हो गई थी। सत्र न्यायालय ने आरोपितों को गंभीर चोट पहुंचाने व मारपीट का दोषी मानते हुए पांच साल और छह-छह महीने की सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर कम से कम गैर इरादतन हत्या का मामला बनता था, लेकिन ट्रायल कोर्ट ने साक्ष्यों का समग्र मूल्यांकन नहीं किया।