महंगा हवाई सफर

नवभारतटाइम्स.कॉम•
air travel becomes expensive ticket prices soaring during festivals supreme court also concerned
हर साल त्योहारों के मौसम में हवाई टिकटों की महंगाई का मुद्दा छा जाता है। एक साल में घरेलू हवाई किरायों में 30-40% तक बढ़ोतरी हुई है। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। वहां जो कमेंट सामने आया, उसकी खूब चर्चा हुई। इसके मुताबिक, कहा गया कि किराये महंगे हैं तो हवाई सफर मत कीजिए।

टिकटों पर कीमत की सीमा लगाने का तरीका कितना कारगर होगा, इस पर बहस हो सकती है। कई बार छोटी दूरी की उड़ानों के किराये भी बहुत ज्यादा लगते हैं। लेकिन केवल दूरी के आधार पर किराया तय नहीं होता। भारत में एयरलाइंस के सामने पहले ही महंगे विमान ईंधन की चुनौती है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच नए विमान खरीदने और बेड़े का विस्तार करने की योजनाएं भी हैं।
एयरलाइंस के लिए कुछ रूट्स लाभदायक होते हैं, कुछ कम लाभ वाले। एक रूट से कमाई का लाभ दूसरे रूट्स पर खर्च किया जाता है। ऐसे में टिकट कीमतों पर सख्त सीमा लगाने से दूरदराज या कम लाभ वाले मार्गों पर सेवा देने से एयरलाइंस परहेज कर सकती हैं। एयरलाइंस तब सीट चयन, अतिरिक्त सामान और अन्य सेवाओं पर ज्यादा चार्ज लगाकर अपनी कमाई की भरपाई करने की कोशिश करेंगी। एयरलाइंस की इकॉनमी में खाली सीट जाने देना नुकसान है। इसलिए डिमांड के आधार पर कम या ज्यादा किराये के जरिए अधिक से अधिक सीटें भरने की कोशिश की जाती है।

त्योहारों के दौरान किराये अगर सारी सीमा लांघने लगें, तब यात्री अन्य साधनों पर विचार कर सकते हैं। लोग अपना व्यवहार बदलते भी हैं। अब यात्री अंतिम समय पर टिकट खरीदने के बजाय पहले से योजना बनाते हैं। लोग एक ही यात्रा में कई डेस्टिनेशन शामिल करने पर भी विचार करते हैं। कंट्रोल के लिए सरकार का रोल होना चाहिए, लेकिन जब कोई इमरजेंसी स्थिति हो- जैसे प्राकृतिक आपदा या कोई और बड़ी बाधा। तब भी इस सेक्टर पर नियमित निगरानी रखने वाली एजेंसी को ही यह तय करने का अधिकार होना चाहिए कि हस्तक्षेप जरूरी है या नहीं।

अनुमान है कि त्योहारों का सीजन खत्म होने के बाद भी किराये कम नहीं होने जा रहे हैं। एयरलाइंस बिजनेस का माहौल इस तरह का हो कि निवेश बढ़े। कंपनियों की संख्या बढ़ने से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बनी रहेगी। इससे किराये नियंत्रण में रहेंगे। पिछले कुछ दशकों में एयरलाइंस की स्थिति लगभग एकाधिकार की ओर जा रही है। कागज पर भले एक से ज्यादा एयरलाइंस दिखाई दें, लेकिन ज्यादातर मुश्किल से कोई प्रभाव डाल पाती हैं।