कहां से आया पानी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
how was the ocean water on earth formed scientists reveal the secret
दिलीप लाल

धरती पर महासागरों का पानी कहां से आया ? क्या इसे धूमकेतु और उल्कापिंड लेकर आए थे या पृथ्वी ने निर्माण के दौरान खुद पानी बनाया था? वैज्ञानिकों के एक नए अध्ययन ने इस पर रोशनी डाली है। इसके मुताबिक, पृथ्वी के शुरुआती दौर में उसका अत्यधिक गर्म वातावरण ही पानी बनने का कारण हो सकता है। अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू मैक्सिको के शोधकर्ताओं ने नेचर जियोसाइंस में प्रकाशित अध्ययन में बताया है कि पृथ्वी के निर्माण के समय चट्टानों के टुकड़े हाइड्रोजन से भरे वातावरण से गुजरते थे। उस समय धरती का तापमान बेहद अधिक था। ऐसी परिस्थितियों में चट्टानों में मौजूद आयरन ऑक्साइड हाइड्रोजन के साथ रासायनिक प्रतिक्रिया करता था। इसे समझने के लिए वैज्ञानिकों ने प्रयोगशाला में 1200 से 1400 डिग्री सेल्सियस तापमान पर चट्टानों को हाइड्रोजन के संपर्क में रखा। पाया गया कि चट्टानों के लगभग 80% आयरन ऑक्साइड का रूपांतरण धातु के लोहे में हो गया और पानी की भाप भी बनी। प्रक्रिया कुछ मिनटों में शुरू हो गई। शोधकर्ताओं ने इन प्रयोगों के नतीजों के आधार पर अनुमान लगाया कि पृथ्वी के निर्माण के दौरान इस तरह से सैकड़ों महासागरों के बराबर पानी बन सकता था। इस खोज से पृथ्वी पर पानी की उत्पत्ति को लेकर प्रचलित धारणाओं को एक नया आधार मिला है।