विलय और टूट की खबरों के बीच ऐक्शन मोड में सुनेत्रा-पार्थ पवार

नवभारतटाइम्स.कॉम•
sunetra parth pawar in action amidst merger speculations mlas contacted
n NBT रिपोर्ट, मुंबई

महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। उद्धव ठाकरे गुट के संजय राउत ने यह कहकर सनसनी फैला दी कि अजित पवार गुट के 20-22 विधायक टूट सकते हैं। तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पार्टी विधायकों एवं संगठन को मजबूत करने के लिए एनसीपी अजित पवार गुट की प्रमुख एवं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राज्यसभा सदस्य पार्थ पवार एक्शन मोड़ में आ गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक सुनेत्रा पवार के कार्यालय की ओर से विधायकों को फोन किए गए। विधायकों से पूछा गया कि क्या शरद पवार गुट के किसी नेता ने उनसे संपर्क किया है? यदि दोनों एनसीपी का विलय होता है, तो इस पर उनकी राय क्या है? क्या वे इस संभावित विलय के पक्ष में हैं? पिछले दो दिनों में इस तरह के फोन विधायकों को किए गए।

उपमुख़्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य की मौजूदगी में शुक्रवार को पुणे में स्थित जिजाई बंगले में विधायकों की बैठक हुई। बैठक में विधायकों के मंत्री दत्तात्रय भरणे भी शामिल हुए।

बैठक में विधायक शंकर मांडेकर और माऊली कटके सहित पुणे जिले के नेता मौजूद रहे। विधायक कटके ने बताया कि यह कोई पूर्व नियोजित राजनीतिक बैठक नहीं थी। वहीं, एनसीपी सूत्रों का कहना है कि विधायकों एवं पार्टी नेताओं को एकजुट रखने के लिए इस तरह की बैठकें होती रहती हैं। महाराष्ट्र में जिस तरह की राजनीतिक बयानबाजी हो रही है, उसे देखते हुए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण है।