Why Are Elephants Entering Villages Know The Reason And Solution
हाथी कुछ तलाश रहे हैं!
Contributed by: ऋतुपर्ण दवे|नवभारतटाइम्स.कॉम•
मैं मध्य प्रदेश के शहडोल में रहता हूं। यहां जंगली हाथियों का आना आम बात है। इनके हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है। अब तो हाथी गांवों और बस्तियों के भीतर तक घुस आते हैं। मेरा घर धनपुरी में है और उसके आसपास भी उनकी आमद होती रहती है। बीते साल छह जंगली हाथी बंगवार कोल माइंस तक आ पहुंचे थे। पिछले हफ्ते बांधवगढ़ नैशनल पार्क और जयसिंहनगर, ब्यौहारी वन परिक्षेत्र के आसपास 62 हाथियों के दो झुंड पहुंचे थे।
मैंने कई बार हाथियों का उत्पात देखा है। लोग उन्हें भगाने के लिए शोर मचाते हैं, पटाखे छोड़ते हैं, लेकिन वे बार-बार लौट आते हैं। खेत रौंद देते हैं और मकान ढहा देते हैं। प्रशासन भी परेशान है। सवाल है कि हाथी आखिर बार-बार बस्तियों में क्यों आ रहे हैं? हाथी बेहद बुद्धिमान और संवेदनशील जीव हैं। उनकी याददाश्त बहुत अच्छी होती है। वे अपने पुराने चारागाहों, जलस्रोतों और आने-जाने के रास्तों को नहीं भूलते। लेकिन अब उन्हीं रास्तों पर खदानें, रेल कॉरिडोर और इंसानी बस्तियां बन गई हैं। ऐसे में जब वे अपने पुराने ठिकानों पर लौटते हैं तो वहां इंसानी दखल मिलता है। यही संघर्ष की बड़ी वजह है।भारतीय वन्यजीव संस्थान के मुताबिक, 2000 से 2025 के बीच मानव-हाथी संघर्ष में 8,806 इंसानों और आठ राज्यों में 2,273 हाथियों की मौत हुई। 2009 से 2024 के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से 225 हाथियों की जान गई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में अक्टूबर-नवंबर 2024 में 11 हाथियों की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत भी हुई थी। सरकारी जांच में इसकी वजह फफूंद लगा कोदो बताया गया। यह मामला इसलिए भी चर्चा में रहा कि आदिवासी समुदाय के लोग रोज कोदो खाते हैं, लेकिन उन्हें इससे कोई नुकसान नहीं होता।
देश में हाथियों के 88 चिह्नित आवागमन रास्ते हैं। 2017 में प्रकाशित अध्ययन 'राइट ऑफ पैसेज' में 101 हाथी कॉरिडोर का ब्योरा दिया गया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, केरलम और अन्य राज्यों में हाथी और इंसानों के बीच टकराव बढ़ रहा है। जरूरत है कि हाथी कॉरिडोर सुरक्षित किए जाएं और विकास परियोजनाओं में उनके पुराने रास्तों का ध्यान रखा जाए। प्रभावित गांवों में समय पर चेतावनी और सुरक्षा के इंतजाम भी जरूरी हैं। हाथियों को केवल जंगलों तक सीमित कर देने से समस्या हल नहीं होगी। उनके प्राकृतिक आवास और आवाजाही के रास्ते बचाने होंगे। कभी हाथी हमारे साथी रहे हैं। उनके साथ फिर वैसा रिश्ता बनाने के लिए हमें भी अपनी सोच बदलनी होगी।