Section 163 Imposed In Noida Till October 20 Police Strictness Continues At Delhi Border
शहर में आज भी रहेगी पुलिस की सख्ती, 20 तक धारा 163 लागू
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर गौतमबुद्धनगर कमिश्नेरेट पुलिस शनिवार तड़के से अलर्ट रही। नोएडा से दिल्ली जाने वाले करीब पांच हजार से अधिक वाहनों की चेकिंग की गई। साथ ही चिल्ला बॉर्डर, कालिंदी कुंज, झुंडपुरा और दर्शन चौकी समेत दिल्ली से सटे कई जगह पुलिस बल तैनात रहा। जिले में 20 अक्टूबर तक धारा 163 भी लगा दी गई है। दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस की यह सख्ती आज भी रहेगी। वाहनों की जांच के बाद आगे जाने दिया जाएगा। सीजेपी के नेता अभिजीत दिपके और अन्य पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका यह आंदोलन सड़कों पर जारी रहेगा और रविवार को भी प्रदर्शन व जंतर-मंतर की ओर कूच किया जाएगा। इसको देखते हुए नोएडा पुलिस भी अलर्ट है। शनिवार को चेकिंग के कारण शहर में कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि, दिल्ली में हुए प्रदर्शन का असर नोएडा में सीधे तौर पर दिखाई नहीं दिया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने नोएडा से दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को रोकने और जरूरत पड़ने पर हिरासत में लेने की योजना बनाई थी। चिल्ला बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगाकर दो लेन को बंद कर दिया। एक लेन चालू होने से लोगों को दिक्कत हुई।सोशल मीडिया पर भी रही नजर
इस प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर फैलने वाली सूचनाओं और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने दो टीमें तैनात कीं। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पीजी में रहने वाले लोगों पर भी निगरानी रखी गई।