25 Electric Buses To Run In Gurugram From November 1 Special Facility For Differently abled
शहर में 1 नवंबर से दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें!
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, सेक्टर-10
शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा बेहतर करने के लिए गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) ने अपने कदम आगे बढ़ा दिए हैं। GMCBL के सेक्टर-10 स्थित सिटी बस डिपो में 25 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं। 1 नवंबर से इनका संचालन शुरू हो सकता है। इन बसों में दिव्यांग यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। बसों में लिफ्ट लगी है, जिसकी मदद से दिव्यांगजन आसानी से बस में चढ़ और उतर सकेंगे। बुजुर्ग यात्रियों को भी इससे राहत होगी। बसों के सड़कों पर उतरने से शहर के लोगों को आने-जाने के लिए एक और बेहतर विकल्प मिलेगा। खासकर रोजाना ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों व छात्रों को फायदा होगा। इलेक्ट्रिक बसें चलने से डीजल और सीएनजी से चलने वाली बसों के मुकाबले प्रदूषण को काफी हद तक नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिक बसों में शोर कम होता है, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा। 1 नवंबर तक और ई-बसें पहुंचने की उम्मीद है। इससे शहर में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ेगी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने में मदद मिलेगी।