Gangster Himanshu Bhau And Neeraj Faridpuria Extortion And Hawala For A Luxurious Life Abroad
यहां रंगदारी, हवाला से लेते थे रुपये, विदेश में आराम !
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n अश्वनी शर्मा, नई दिल्ली
लास वेगास की चमचमाती दुनिया, आलीशान होटल, महंगे कैसीनो और रंगीन नाइटलाइफ। इसी लग्जरी लाइफस्टाइल का लुत्फ उठाने के लिए गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया ने अमेरिका के इस शहर को अपना ठिकाना बनाया था। गैंग के काम करने के तरीके का एक अहम पहलू युवाओं को अपराध की दुनिया में लाने के लिए लग्जरी लाइफस्टाइल को दिखाना भी बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार विदेश में ऐशो-आराम की जिंदगी, महंगे शौक और पैसे की चमक दिखाकर लड़के-लड़कियों को क्राइम करने के लिए तैयार किया जाता था। राजौरी गार्डन के बर्गर किंग हत्याकांड की आरोपी अनु को भी इसी तरह का लालच दिया गया था।हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया की गिरफ्तारी के बाद गैंग की कमाई और उसके इस्तेमाल से जुड़ी कड़ियां अहम हो गई हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार रंगदारी से मिलने वाली रकम हवाला के जरिए आरोपियों तक पहुंचती थी। पुलिस इस हवाला नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल है और रुपये के लेन-देन में उनकी क्या भूमिका है इसकी जांच करेगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछली कई घटनाओं में सामने आया था कि गैंग युवाओं को अपने साथ जोड़ने के लिए महंगी जिंदगी का सपना दिखाते थे। विदेश में रहना, महंगे शौक पूरे करना और बिना किसी कमी के जिंदगी जीने की तस्वीर पेश कर उन्हें प्रभावित किया जाता था। इसी आकर्षण के जरिए लड़के-लड़कियों को अपराध की गतिविधियों में शामिल होने के लिए तैयार तैयार करते थे।