कार ने ऑटो में मारी टक्कर, 17 घायल

नवभारतटाइम्स.कॉम•
gurugram car auto collision on sohna road 17 injured 3 in serious condition
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

सोहना एलिवेटेड रोड पर रविवार सुबह एल्डिको सोसायटी के पास तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ऑटो सवार 15 महिलाओं और दो पुरुषों समेत 17 लोग घायल हो गए। घायलों को सोहना के सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गुड़गांव के सिविल हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार ज्यादातर महिला सवारियां मजदूरी करती हैं। रविवार सुबह वे सेंट्रल पार्क में काम करने जा रही थीं। इनमें गांव लाखुवास, पहाड़ कॉलोनी और गांव सिलानी की रहने वाली महिलाएं शामिल थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार चालक पर शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, चालक के नशे में होने की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, जांच कराई जा रही है, सामने आने वाले तथ्यों और घायलों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रेकमेंडेड खबरें