Ruckus In Secretariat Employee Unions Elections Questions Raised Over Elections Not Held For 10 12 Years Signature Campaign Begins
सचिवालय में कर्मचारी-अधिकारी संघों के चुनाव को लेकर रार
Contributed by: ranvijay.singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सचिवालय में कर्मचारी संघों के चुनाव को लेकर रार मची है। यूपी सचिवालय संघ ने सचिवालय में दो साल का कार्यकाल होने के बावजूद कई कर्मचारी संघों का चुनाव 10 से 12 साल बाद भी न होने पर सवाल उठाया था। इस बीच सचिवालय में कर्मचारियों के एक गुट ने खुद यूपी सचिवालय संघ का चुनाव करवाए जाने की मांग करते हुए हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया। इसे लेकर वॉट्सऐप ग्रुप पर यूपी सचिवालय संघ की तरफ से आम सभा का जिक्र भी किया गया है।
यूपी सचिवालय संघ के अध्यक्ष अर्जुन देव भारती ने इस पत्र को भ्रामक और झूठा करार देते हुए बताया कि सचिवालय संघ की तरफ से न तो कोई आमसभा बुलाने का फैसला किया गया है और न ही कोई पत्र ही जारी किया गया है। इस बीच सचिवालय में चल रहे हस्ताक्षर अभियान को संघों के बीच रार और शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। पिछले सप्ताह यूपी सचिवालय संघ की तरफ से सचिवालय के प्रमुख सचिव को भेजे गए पत्र के मुताबिक उप्र सचिवालय राजपत्रित अधिकारी संघ में 10 साल, उप्र सचिवालय अधिकारी संघ में 10 साल, सचिवालय सीधी भर्ती संघ में 10 साल, उप्र सचिवालय कंप्यूटर सहायक एवं सहायक समीक्षा अधिकारी संघ में 6 साल, उप्र सचिवालय लेखा संघ में 5 साल, उप्र सचिवालय अपर निजी सचिव संघ में 5 साल, उप्र सचिवालय निजी सचिव संघ में 5 साल, उप्र सचिवालय चतुर्थ श्रेणी संघ में 12 साल बाद भी चुनाव नहीं हुआ है, जबकि इन सभी का कार्यकाल दो साल ही होता है। हालांकि इन संघों के चुनाव को लेकर कोई फैसला होने से पहले खुद यूपी सचिवालय संघ के चुनाव को लेकर ही अभियान शुरू हो गया।