प्लाज्मा एक्सचेंज कर बच्ची की बचाई जान

नवभारतटाइम्स.कॉम
25 year old girls life saved by plasma exchange cholesterol level reduced from 854 to 215
nNBT न्यूज, लखनऊ

जिस उम्र में मासूम अपनी तकलीफ भी बयां नहीं कर सकती, उस ढाई साल की उम्र में उसके खून में कोलेस्ट्रॉल का स्तर 854 मिलीग्राम/डीएल पहुंच गया था। सामान्य स्तर 200 से कम होना चाहिए। उम्र कम होने के कारण दवाओं के विकल्प भी सीमित थे। संजय गांधी पीजीआई के डॉक्टरों ने 20 हफ्ते तक लगातार हर सप्ताह प्लाज्मा एक्सचेंज कर बच्ची का सफल इलाज किया। इस थैरेपी के बाद बच्ची का कोलेस्ट्रॉल स्तर 70 फीसदी घटकर 215 पर आ गया है। डॉक्टरों का दावा है कि देश में इतनी कम उम्र में प्लाज्मा एक्सचेंज से सफल इलाज का यह पहला मामला है।
ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के असोसिएट प्रफेसर डॉ. भरत सिंह ने बताया कि बच्ची मार्च में किसी अन्य आनुवंशिक बीमारी के इलाज के लिए पीजीआई आई थी। जांच के दौरान उसके शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बेहद खतरनाक स्तर पर मिली। कम उम्र की वजह से उसे गिनी-चुनी दवाएं ही दी जा सकती थीं। दूसरा विकल्प 'एलडीएल अफेरेसिस' था, जो लंबे समय तक कराने के लिहाज से बेहद महंगा था। ऐसे में डॉ. भरत सिंह ने बच्ची की उम्र के अनुकूल एक स्पेशल प्लाज्मा एक्सचेंज प्रोटोकॉल तैयार किया।

त्वचा पर जमा फैट घटा : 20 सप्ताह तक चले इस उपचार के बाद कोलेस्ट्रॉल में करीब 70 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इलाज के दौरान बच्ची को कोई बड़ी मेडिकल जटिलता नहीं हुई और उसकी त्वचा पर जमा कोलेस्ट्रॉल भी घटने लगा। इस जटिल उपचार टीम में डॉ. अमिता मोइरांगथेम, विभागाध्यक्ष प्रो. प्रीति एल्हेंस, प्रो. अनुपम वर्मा और डॉ. अजय जोसेफ शामिल रहे। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कुछ प्रक्रियाएं नि:शुल्क की गईं। पीजीआई निदेशक पद्मश्री प्रो. आरके धीमान ने सफल इलाज के लिए पूरी टीम की सराहना की।