Noida District Hospital Major Negligence Woman Given Allergy Syrup Instead Of Constipation Medicine
पर्चे पर कब्ज की दवा, महिला को थमाया एलर्जी का सिरप
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा
सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में दवा वितरण काउंटर पर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। डॉक्टर ने जिस बीमारी की दवा लिखी थी, उसके बजाय महिला को दूसरी बीमारी की दवा थमा दी गई। गनीमत रही कि महिला ने दवा लेने के बाद पर्चे से उसका मिलान कर लिया और गलती पकड़ ली। महिला ने मामले की शिकायत अस्पताल प्रशासन और जिलाधिकारी से करते हुए जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।फेज-2 निवासी मेहरुन्निशा के अनुसार, वह 1 सितंबर को सुबह करीब 8:30 बजे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंची थीं। ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के बाद वह दवा लेने काउंटर पर गईं। डॉक्टर ने उन्हें कब्ज के लिए लैक्टुलोज सिरप लिखी थी, लेकिन दवा काउंटर से लेवोसेटिरिजिन हाइड्रोक्लोराइड सिरप दे दी गई। यह दवा एलर्जी के इलाज में इस्तेमाल होती है। मेहरुन्निशा ने 3 सितंबर को अस्पताल प्रशासन को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और फार्मेसी के अधिकारियों ने महिला को समझाने का प्रयास किया। महिला का कहना है कि अगर वह दवा का नाम नहीं देखतीं और गलत दवा खा लेतीं तो उनकी सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, दवा काउंटर पर अक्सर भीड़ रहती है। ऐसे में जल्दबाजी में दवा वितरण की निगरानी बढ़ाने की जरूरत है।