कार से टकरा पलटा ऑटो, 12 छात्राएं घायल, 3 गंभीर

नवभारतटाइम्स.कॉम
rewari auto overturns after collision with car 12 girl students injured 3 in serious condition
n NBT न्यूज, रेवाड़ी

शहर में सेक्टर-18 मोड़ पर गुरुवार दोपहर कॉलेज की छात्राओं को लेकर तेज गति से जा रहे ऑटो और कार की जोरदार टक्कर हो गई। कार से टकराने के बाद ऑटो पलट गया। जिसके बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने ऑटो में फंसी छात्राओं को निकाला और पुलिस को सूचना दी। घटना के समय ऑटो में करीब 12 छात्राएं सवार थीं। जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला कॉलेज से ऑटो चालक छात्राओं को लेकर बस स्टैंड की तरफ आ रहा था। इसी दौरान सेक्टर-18 मोड़ पर ऑटो की एक कार से टक्कर हो गई। जिससे ऑटो पलट गया और उसमें सवार सभी करीब 12 छात्राएं घायल हो गईं। जिनमें मुस्कान, कशिश, पिंकी, कुमकुम, मोनिका, सोनिया और चिनाया आदि को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल तीन छात्राओं को रोहतक रेफर कर दिया गया।

तेज़ रफ्तार में जा रहा था ऑटो: बताया गया कि ऑटो चालक रोहित बिना कॉगजों के ही ऑटो चला रहा था। ऑटो की आरसी कोर्ट में जमा है। ऑटो की तेज स्पीड को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ऑटो लेना छात्राओं की मजबूरी: बस स्टैंड से सेक्टर-18 स्थित महिला कॉलेज करीब 3 किमी दूर है। सरकार ने गांवों में तो महिलाओं के लिए स्पेशल बसें लगाई हुई हैं, लेकिन बस स्टैंड से कॉलेज तक छात्राओं के लिए कोई परिवहन सुविधा नहीं है। जिससे छात्राओं को आने-जाने के लिए मजबूरी में ऑटो का सहारा लेना पड़ता है।