SIT करेगी हिट एंड रन केस की जांच, आरोपी रिमांड पर

नवभारतटाइम्स.कॉम
hit and run case sit to investigate accused on remand driving license on the verge of suspension
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव

गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार सुबह बाइकर शिवानी चौहान (सिया) को कार से टक्कर मारने के मामले में गुड़गांव पुलिस ने एसआईटी बना दी है। एसीपी क्राइम अगेंस्ट वुमन के नेतृत्व में बनाई गई एसआईटी केस की तह तक जाएगी। टीम में क्राइम ब्रांच सोहना इंचार्ज, सेक्टर-56 इंचार्ज और दो अन्य पुलिस अधिकारी शामिल किए गए हैं। मुख्य आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस भी सस्पेंड हो सकता है। इसके लिए पुलिस जल्द ही रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी को लेटर लिख सकती है। केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्याण बैसला और दूसरे आरोपी लवलीश को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस रिमांड के दौरान मौके पर सीन रीक्रिएट करवाएगी। इसी आधार पर पुलिस को रिमांड मिला है।
सस्पेंड हो सकता है आरोपी का DL

घटना के वक्त कार में मौजूद बताए जा रहे दो अन्य आरोपियाें को जांच में शामिल होने के लिए पुलिस नोटिस जारी करेगी। डेंजर्स ड्राइविंग में डीएल सस्पेंड होता है। ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, डीएल सस्पेंड पांच नियम तोड़ने पर होता है। चालक ने शराब पी रखी हो, चालक ओवर स्पीड में चल रहा हो, चालक ने रेड लाइट जंप की हो, चालक ड्राइविंग के वक्त मोबाइल इस्तेमाल कर रहा हो।