52 Pals Decisions Supported By Brahmin Community Call For Unity Against Social Evils
कुरीतियों के खिलाफ 52 पाल के फैसलों का समर्थन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सेक्टर-65 के सामने स्थित महाराजा पैलेस में रविवार को जिले के ब्राह्मण समाज की ओर से भगवान परशुराम सामाजिक चेतना महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में समाज में फैली सामाजिक कुरीतियों और बुराइयों को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया।महापंचायत की अध्यक्षता श्याम सुंदर शर्मा ददसिया ने की। कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री गौरव गौतम, विधायक मूलचंद शर्मा, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, विधायक भीष्म शर्मा और पलवल ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष विनोद शर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे महापंचायत में दहेज प्रथा , शादी समारोह में होने वाली फिजूलखर्ची, मृत्युभोज, नशाखोरी तथा विवाह संबंधी विवादों जैसी सामाजिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक बुराइयां केवल किसी एक परिवार या व्यक्ति की समस्या नहीं हैं, बल्कि इनके कारण पूरे समाज पर आर्थिक और सामाजिक दबाव पड़ता है। इसलिए इनके खिलाफ समाज के सभी वर्गों को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि 52 पाल की पंचायत ने दहेज प्रथा पर रोक, विवाह समारोह में अनावश्यक खर्च को कम करने, मृत्युभोज जैसी परंपराओं को समाप्त करने और नशे के खिलाफ सख्त सामाजिक वातावरण तैयार करने को लेकर जो निर्णय लिए हैं, उनका ब्राह्मण समाज स्वागत करता है। महापंचायत में मौजूद लोगों ने कहा कि समाज के लोग 52 पाल के साथ खड़े हैं और सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि विवाह जैसे मांगलिक अवसरों को दिखावे और अनावश्यक खर्च की होड़ से दूर रखना जरूरी है। समारोहों में डीजे सहित अनावश्यक दिखावे पर भी सामाजिक स्तर पर चर्चा की गई।
आगामी महापंचायत 2 अक्टूबर को पलवल में की जाएगी। इस अवसर पर सुखवीर मलेरना, सत्यदेव शर्मा जवां, कुंज बिहारी, एडवोकेट बृजमोहन वशिष्ठ, पंकज पाराशर, देवी सरपंच, नरेश वत्स, सुभाष सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।