कंटेनर की चपेट में आने से सिविल इंजीनियर की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम•
faridabad 26 year old civil engineer dies tragically after being hit by container was going for site survey for company work
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

सेक्टर-3 में शनिवार को कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार 26 वर्षीय सिविल इंजीनियर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह कंपनी के काम से साइट का सर्वे करने जा रहा था। मृतक की पहचान मूलरूप से यूपी के जौनपुर निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सेक्टर-8 थाना पुलिस के अनुसार संदीप पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद में रह रहा था। उसने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था। करीब एक साल पहले उसने फरीदाबाद की एक निजी कंपनी जॉइन की थी और वर्तमान में सर्विस मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह सेक्टर-56 में किराए के मकान में अकेला रहता था। संदीप के भाई दिनेश ने पुलिस को बताया कि शनिवार को संदीप बाइक से सेक्टर-3 स्थित एक साइट देखने के लिए निकला था। खाटू श्याम मंदिर के पास पहुंचते ही एक कंटेनर ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस कंटेनर और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।