उधार में मीट नहीं दिए जाने की रंजिश को लेकर दुकानदार के दोनों पैरों में गोली मारी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
shopkeeper shot in both legs for not giving meat on credit accused absconding
n NBT न्यूज, पलवल

रविवार सुबह जान से मारने के इऱादे से मीट विक्रेता के दोनों पैरो में गोली मार दी गई। गोली मारने के बाद आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना किठवाड़ी पुलिस चौकी के नजदीक की है। घायल की हालत गंभीर होने के कारण पुलिस को अभी तक शिकायत नहीं दी गई है।
किठवाड़ी रेलवे फाटक फ्लाईओवर के नजदीक मीट की दुकान है। रोजाना की तरह दुकान मालिक वसीम ने सुबह साढे़ आठ-पौने नौ बजे के करीब दुकान खोली। शटर खोलने के बाद वसीम अपने 10-12 वर्षीय बेटे के साथ दुकान के बाहर खड़ा था। उसी दौरान दो युवक आए और वसीम पर फायर कर दिया। वसीम के दोनों पैरों में गोली मार दी गई। गोली लगते ही वसीम जमीन पर गिर पड़ा और उसके बेटे ने संभालते हुए शोर मचाया। शोर सुनकर लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। वसीम को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए ऱेफर कर दिया। घायल को फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल वसीम पुलिस को बयान दर्ज करवाने की स्थिति में नहीं है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि अब तक मिली जानकारी में बाइक पर दो हमलावर आए। एक की पहचान प्रवीण शर्मा और दूसरे की गुल्ली के तौर पर की गई है। बताया गया कि दोनों उधार में मीट मांगने आए थे। उधार में मीट देने से इनकार करने पर कहासुनी हुई और देख लेने की धमकी दी। मीट नहीं दिए जाने की रंजिश को लेकर गोली मारने की बात कही जा रही है। शिकायत मिलने और घायल के बयान दर्ज होने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।