महिला के क्रेडिट कार्ड से निकाले 4.10 लाख रुपये

नवभारतटाइम्स.कॉम•
faridabad cyber thugs looted rs 410 lakh from womans credit card investigation begins
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

सेक्टर-64 में रहने वाली महिला के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने करीब 4 लाख 10 हजार रुपये की ठगी कर ली। महिला को इसकी जानकारी तब हुई, जब उसके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड से लगातार ट्रांजैक्शन होने के मैसेज आने लगे। साइबर थाना पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-64 निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि उसके पास एक बैंक का क्रेडिट कार्ड है। 17 सितंबर से 24 सितंबर के बीच उसके क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग ट्रांजैक्शन से 4 लाख 10 हजार 480 रुपये की निकासी कर ली गई। महिला के मुताबिक, ये सभी ट्रांजैक्शन उसकी जानकारी और अनुमति के बिना किए गए। महिला ने बताया कि क्रेडिट कार्ड से रकम निकाले जाने के बाद उसके मोबाइल पर ट्रांजैक्शन के मैसेज आए। मैसेज देखकर उसने क्रेडिट कार्ड से जुड़े बैंक से संपर्क किया और इसके बाद पुलिस को शिकायत दी। महिला ने पुलिस से रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। शुरुआती जांच में क्रेडिट कार्ड से हुए ट्रांजैक्शन की जानकारी जुटाई गई। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला के क्रेडिट कार्ड की जानकारी साइबर ठगों तक कैसे पहुंची और रकम किन खातों या माध्यमों के जरिए निकाली गई।