n NBT न्यूज, फरीदाबाद : जिले में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के 21 दिन बाद शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। विभाग ने पहली बार सार्वजनिक रूप से पत्र जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जारी निर्देशों के अनुसार, शिक्षा विभाग की टीमें अब जिले के प्रत्येक निजी स्कूल का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान केवल पाठ्यपुस्तकों ही नहीं, बल्कि स्कूलों में कराई जा रही अन्य गतिविधियों की भी जांच की जाएगी। विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्कूल निर्धारित नियमों के अनुसार ही कार्य कर रहे हैं और विद्यार्थियों पर अनावश्यक बोझ नहीं डाला जा रहा है।
इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण पहल बैग के वजन की जांच है। टीम स्कूलों में जाकर छात्रों के बैग का वजन करेगी और यदि निर्धारित मानकों से अधिक किताबें पाई गईं, तो संबंधित स्कूल के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। लंबे समय से अभिभावकों की शिकायत रही है कि बच्चों के बैग अत्यधिक भारी होते जा रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इसके अलावा, शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कोई भी स्कूल अब निजी प्रकाशकों की किताबें अनिवार्य नहीं कर सकता। स्कूलों को केवल मान्यता प्राप्त और निर्धारित पाठ्यक्रम की पुस्तकों तक ही सीमित रहना होगा। शिक्षा विभाग के जिला शिक्षा अधिकारी अंशु का कहना है कि यह कदम छात्रों के हित में उठाया गया है और इसका उद्देश्य शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाना है। आने वाले दिनों में निरीक्षण अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि सभी स्कूल नियमों का पालन सुनिश्चित करें।


