n NBT न्यूज, गुड़गांव
चंदू वेटलैंड में रविवार को दुर्लभ प्रवासी पक्षी की मौजूदगी ने लोगों को रोमांचित कर दिया। पूर्वी साइबेरिया से भटका लांग-बिल्ड डोविचर यहां महज 10 मिनट के लिए नजर आया। पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार, यह प्रजाति आमतौर पर पूर्वी साइबेरिया में प्रजनन करती है और सर्दियों में अमेरिका के तटीय इलाकों की ओर प्रवास करती है। ऐसे में इसका गुड़गांव में दिखना एक वाग्रेंट यानी रास्ता भटके प्रवासी पक्षी की श्रेणी में आता है। माना जा रहा है कि यह पक्षी सेंट्रल एशियन फ्लाईवे से भटककर अन्य पक्षियों के साथ यहां पहुंचा होगा ।
इस पक्षी की पहचान उसकी बेहद खास सिलाई मशीन जैसी फीडिंग स्टाइल से हुई, जो चंदू वेटलैंड में अन्य पक्षियों के बीच फीड कर रहा था। बर्ड वॉचर्स के अनुसार, यह अपनी लंबी चोंच को तेजी से कीचड़ में ऊपर-नीचे करता है और छोटे जलीय जीवों व लार्वा को खोजता है। मौके पर मौजूद करीब बर्ड वॉचर्स निखिल देवासर, कवि नंदा, अंकित वोहरा, पीएस उदय और भार्गव ने इसे कैमरे में कैद भी किया, जिससे इसकी पुष्टि और अहम हो गई। विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी यात्रा के दौरान ऊर्जा जुटाने के लिए यह पक्षी कुछ समय यहां रुका और फिर आगे बढ़ गया।


